Wednesday 30 October 2019

कविता

मैं बाहर निकलता हूँ
और उठा लेता हूँ 
किसी की भावना से 
खेलता हुआ विषय 
जिस पर कविता बननी होती है 
मैं अपराधी हूँ कविता तेरा 
जो इस विषय पर तुझे लिख रहा हूँ 

वो सहसा ही फूट पड़ी मेरे सामने 
पति के जाने का दुःख तो भूल चुकी
वो समझ चुकी है कि जीना है  
लेकिन हर रोज की घुटन व धीमी मौत  
उसके लिए भारी पड़ रहा है
निढाल होने को मजबूर सी  
उसके गालों की फटन; मावठ के उपरांत 
बरसाती दरिया की तलहटी से मिलती है।  
मुस्कान लेकिन मरी नहीं है चेहरे की 
यही मुस्कान ज़माने को शूल लगती है 
एक विधवा हंस नहीं सकती 
वो पकवान बना नहीं सकती 
मैले-कुचैले कपड़े पहने रहो तो सुहावनी लगती है 
चुपचाप सहन करो तो अच्छी लगती है 
बतिया ले किसी से तो गुलछर्रे उड़ाती है 
इस ज़माने ने अनाथा को 
छुई-मुई का बूटा बना दिया है 
छू ले कोई तो मुरझाना जरूरी कर दिया है। 
क्या नहीं चाहिए एक विधवा को...
कि  उसकी माहवारी आने से रह गयी है ?
कि उसकी छातियों का भार कम हो गया है ?
कि उसके सिर के बाल कट गये हैं ?
कि वो चलने से रही और 
पैरों में कुछ भी पहनने की जरूरत ना रही?
कि गिद्धों की नज़र में बदन बदन ना रहा?
सब की सब जरूरतें ज्यों की त्यों हैं 
फिर वो खुद बाहर निकल क्यों नहीं सकती 
निजी जरूरतों का सामान उसे कौन लाकर दे 
एक पुरुष से मंगवाए तो बेहया हो जाती है 
स्त्री से कहे तो बेईज्जत पुकारी जाती है। 
शक की नजरों से बचाना खुद  को 
क्या सातवाँ अधिकार नहीं बन सकता?  
ज़माने पर वो बोझ नहीं रहना चाहती 
मगर ज़माने को वो बोझरूपी अच्छी लगती है
इसी जमाने में मैं भी हूँ 
जो उसकी चीखों को सुन पाया- और कर क्या रहा हूँ 
बस तुझे लिख रहा हूँ  
लानत है मुझ पर और ढेरों बार है
मुझे पता है तू छप जाएगी 
किसी किताब की आखिरी पन्ने पर 
एक उम्मीद है कि 
कोई समाज का नुमाइंदा इसे पढ़ेगा- 
तो मैं कविता लिख रहा हूँ
दोष रहित स्त्री को कोई आजाद करवाएगा- 
तो मैं कविता लिख रहा हूँ 
किसी के क्रूर रीती रिवाजों पर चोट देगी- 
तो मैं कविता लिख रहा हूँ 
हाशिये में बंद जिंदगी 
कोरे कागज पर उतरेगी तो मैं तुझे लिख रहा हूँ- 
मैं मानता हूँ खूबसूरती को बेदाग ही रखना 
एक निजी जुर्म है मेरी दोस्त 
फिर भी माफ़ी चाहता हूँ।
तुझे जनने के लिए 
मैंने किसी की भावनाओं को 
तेरा विषय बनाया
तू मुझे माफ़ कर देना 
मगर पड़ी रहना उस आखिरी पन्ने पर 
नींव समझी जाएगी या इमारत कोई 
मुझे नहीं पता बस कि मैं तुझे लिख रहा हूँ।

                                                  - Rohit

taken from google image 



   
   






Thursday 17 October 2019

लोग बोले है बुरा लगता है

जो अच्छी लगती, बुरा नहीं लगता
रूह से जा लगती, बुरा नहीं लगता

क्यों न हो तुझ में कोई खामी
मुझी से हो पुरी बुरा नहीं लगता

वहशत ना होती बाल नोचने तक
हिज़्र नहीं होती  बुरा नहीं लगता

कांरवा गुजर गया अपनी हद्द से
होता नज़र तो भी बुरा नहीं लगता

हनोज़ छाई चुपी है, दुरी है बहुत
होती दो टुक ही बुरा नहीं लगता

लोग बोले है बुरा लगता है, तुझे लगता
हाय! तू भी बोलती,  बुरा नहीं  लगता

मैंने पूर्व  के  बाद पश्चिम  ही  को  जिया  है
पापा ने जवानी भी दी होती बुरा नहीं लगता

एक वक्त हुआ मैं जुदा नहीं हुआ मुझ से
तू होती और बेल कराती  बुरा नहीं लगता

दम घुट रहा है  ऐसी  मोहब्बत  में
तोड़ जाती दम ही बुरा नहीं लगता.
                               
                                             -रोहित 

from google image 








Friday 11 October 2019

ख़ुदा से आगे

अभी तो मैं ख़ुदा तक  हूँ 
आँखों में नूर ज्योत्स्ना सा,
मन कोमल,निर्मल,दिलनवाज़ी,
मंद मंद मुस्कुराहट व लावण्य 
जब भी सुनूं आहट जानी-पहचानी 
बजता है इकतारा दिल में और
दिल-मोहल्ले में नाचती हो तुम। 

बीते मिलन से अब तक
आवरण भी महक रहे हैं तेरी खुशबु से-
जबकि हर पल अनजानी हवा में रहते हैं
फिर ये सांसे क्यों न बहके
जो सिर्फ तुमसे संबंध रखती है.

पहले मिलन से पहले न था ऐसा, था बंजर
मेरी नग्न भंगिमा को तूने आवरण दिया 
तेरे सिलसिलेवार जलाभिषेक से,
बीज अंकुरित अब होने लगे
प्रत्यक्ष, जीवित, प्रामाणिक
रचियता बना देगा तू मुझे।

बेशर्ते तुम हो करीब
आलिंगन की तरह
वरना ओर कोई बात नहीं-
वही बंजर, वीराँ, बे-जाँ मैं
हाँ, तुम ही तो हो गोया
मेरे पैर पर अपने पैर रख कर
कदमों को दृढ़ बनाने वाली
मुझ में ख़ुदाई लाने वाली।

बाक़ायदा तुम भी वही हो जो मैं हूँ
तुम भी अभी ख़ुदा तलक हो 
जरुरी है दोनों लिंगों का अस्तित्व-
जरूरत है ये अस्तित्व के लिए  
प्रेम-परिणाम अभिपोषित करने के लिए
विरासत एक छोड़ने के लिए।

यूँ तो न बना होगा मिसाल 
सूरज ने भी कभी फेंका होगा अँधेरा 
तब जाकर रोशन हुआ होगा, 
इस रौशनी के बाद भी कुछ होगा 
तब तक रहेंगे हम 'हम'
बाद अँधेरा फैलना है 
जहां आदमी होगा न औरत
इस भेदभाव से परे
होना है एकमेक
एक स्वरूप निराकार।
                                                                        
                                                            - रोहित

from google image 
                                                                                                                           


Saturday 5 October 2019

अश्विनी: परिचय (न्यू ब्लोगर)

वैसे तो कोई भी शख़्स का परिचय देना महज एक औपचारिकता है क्यूंकि वही शख़्स आने वाले वक्त में अपने कर्मों से पहचाना जायेगा।
इसी पर ग़ालिब सा'ब का एक शेर मुझे याद आता
पूछते हैं वो कि 'ग़ालिब' कौन है
कोई बतलाओ कि हम बतलाएँ क्या
ब्लॉग जगत पर यूँ तो बेइंतहा प्यार लुटाने व उत्साह बढ़ाने वालों से लबालब भरा पड़ा है। लेकिन कुछ दिनों से ब्लॉग जगत पर ऐसे लोगों से सम्पर्क में हूँ जो शायद मशीनी लोग है. हर दम एक'जैसे व्यवहार की वजह से ये लोग मेरे अंदर झुंझ पैदा करते हैं... ऐसे लोग कभी किसी की रचना नहीं पढ़ते और फिर भी प्रतिक्रिया देते हैं। यही मशीनी मानसिकता हमारे साहित्य को धर दबोच लेगी। इसे बदलना पड़ेगा।
जो थोड़ा अच्छा लिखते हैं और किसी मंच से बोलने का जिनको मौका नहीं मिलता उन के लिए ब्लॉग किसी वरदान से कम नहीं बेशर्ते उनको अच्छे पाठक व उनकी रचना पर सच्ची और आलोचनात्मक प्रतिक्रिया मिले। ब्लॉग जगत ने बहुत से अच्छे लेखकों को यूँ ही खो दिया क्योंकि या तो यहां उनको ये मशीनी लोग मिले या उनके पंख उस गति से ना फ़ैल पाए जिसकी उम्मीद वो करते थे. "मुझे ब्लॉग पर ज्यादा से ज्यादा लोग पढ़े" यही सोच लेकर एक साहित्य सृजनकर्ता ब्लॉग बनाता है मगर यहां नए ब्लॉगर को कोई फॉलो नहीं मिलता है ... मुझे नहीं लगता कि किसी को फॉलो करना आफ़त भरा काम है।
साहित्य को प्रेम करना एक साधारण सी बात है लेकिन उसी साहित्य को जीना एक अनोखी बात है। इसी अनोखी बात की वजह से मैं 'अश्विनी' को ब्लॉग पर लेकर आया. अभी वो साहित्य की जीवन रेखा में शैशवास्था पर हो सकता है मगर 'पूत के पैर पालने में नज़र आ जाते हैं'.  अश्वनी को आप जब भी पढोगे कुछ तो नया जरूर पाओगे। इनकी लिखी पहली ही रचना की 2-4 पंक्तियाँ हैं कि
किसी का वक़्त इतना अच्छा है कि वक़्त रोक लेना चाहता है,

और एक मैं जो इस वक़्त को रफ्तार देना चाहता हूं...


क्यूंकि शायद एक वक़्त के बाद ये दीवार मीट जाएगी,

जो आज मुझमे मिटाने की हिम्मत नहीं है.


ऐसी बातें और ये अहसास आज तक कितने लोग लिख पाएं होंगे!!!
ब्लॉग पर काफी सालों की मेहनत से  मैंने एक जिम्मेदार परिवार बनाया है उसी परिवार में एक कड़ी और जोड़ रहा हूँ. अब हमारा कर्तव्य बनता है कि हम एक समायोजित वातावरण बनाएं ताकि अश्विनी ही नहीं बल्कि हर एक नया ब्लॉगर इस कड़ी का दमदार हिस्सा बन सके.
अश्वनी के ब्लॉग का लिंक http://ashwinidhundharaofficial.blogspot.com/2019/09/blog-post_30.html
प्लीज् इनसे जुड़ें। आपके (अनुभवी सृजनकर्ता) आशीर्वाद और स्नेह की भूख हमेशा सताती है।
             

                                                                                                                                        आभार।